चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत सिरूम गांव के रूपड़ू टोला निवासी मोटू उर्फ राजा महतो और भोलू उर्फ शशांक कुमार रविवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए. जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया.

हादसे में मोटू उर्फ राजा महतो को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि भोलू उर्फ शशांक कुमार को हल्की चोट लगी है. दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हुए थे. उसी समय पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक उर्फ माझी माझी साव वहां से गुजर रहे थे. घटना को देखते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी.
स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से निमडीह उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां दोनों का इलाज जारी है.
चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल मोटू उर्फ राजा महतो की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा.

