चांडिल: आदिवासी कुडमी समाज के बैनर तले मूलमानता मूलखूंटी नेता अजीत प्रसाद महतो ने डाक बंगला चांडिल में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 20 सितंबर 2025 से झारखंड, बंगाल और ओडिशा में 100 रेलवे स्टेशनों पर रेल टेका आंदोलन शुरू होगा. यह आंदोलन सिर्फ विरोध नहीं बल्कि आदिवासी अस्मिता, इतिहास और न्याय की पुनर्स्थापना के लिए महासंग्राम होगा.

अजीत प्रसाद महतो ने कहा कि कुडमी समाज को 6 सितंबर 1950 को एक राजनीतिक साजिश के तहत ST सूची से बाहर कर दिया गया, जबकि CNT एक्ट आज भी कुडमी समाज पर लागू है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार और कानून ने उन्हें हमेशा आदिवासी माना है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आरक्षण का सवाल नहीं बल्कि हमारी पहचान, भाषा, पर्व और संस्कृति को बचाने की जंग है.
नेता अजीत प्रसाद महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन और राज्य निर्माण में कुडमी समाज के नेताओं का योगदान निर्णायक रहा है. निर्मल महतो, सुनील महतो, शेर शिवा महतो और विनोद बिहारी महतो जैसे नेताओं का बलिदान कुडमी समाज की गौरवगाथा है. उन्होंने याद दिलाया कि कुडमी समाज के सैकड़ों नेता और नौजवान स्वतंत्रता संग्राम और झारखंड आंदोलन में जेल गए और अपनी जान दी, लेकिन समाज को आज भी उसका हक नहीं मिला.
उन्होंने आह्वान किया कि 20 सितंबर का रेल टेका आंदोलन कुडमी अस्मिता की अंतिम पुकार है और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सौगंध है. यह तय करेगा कि आने वाली पीढ़ियां हमें कायर कहेंगी या योद्धा. उन्होंने कहा कि अब हर कुडमी को पूरी ताकत और एकजुटता के साथ इस लड़ाई में उतरना होगा.

बैठक में सृष्टिधर सरकार, ललित रंजन महतो, प्रदीप महतो, प्रभात महतो, राकेश रंजन महतो, फुलचंद महतो, बासुदेव महतो, जगन्नाथ महतो, परीक्षित महतो, युधिष्ठिर महतो, प्रशांत महतो, नरेश महतो, आकाश गुलियार, मुकेश महतो, पाठक चंद्र महतो समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
कुडमी समाज की प्रमुख माँगों में पूरे क्षेत्र के कुडमी समाज को ST सूची में शामिल करना, कुडमाली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करना और जनगणना में जाति, भाषा और धर्म के लिए अलग कॉलम बनाए जाने की मांग शामिल है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
