चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात तमुलिया इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 युवकों को बंधनमुक्त कराया. ये सभी युवक राज्य से बाहर के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने घटना में संलिप्त कंपनी के कथित सुपरवाइजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया.

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तमुलिया क्षेत्र में एक कंपनी द्वारा किराए के मकानों में युवकों को जबरन बंधक बनाकर रखा गया है और उनके साथ मारपीट की जा रही है. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की. छापेमारी में पाया गया कि सत्यम इंटरप्राइजेज, मानगो जमशेदपुर के माध्यम से विनमेकर आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नाम से कथित फ्रेंचाइजी लेकर काम किया जा रहा था. यहां ट्रेनिंग के नाम पर युवकों को किराए के मकानों में जबरन कैद रखा गया था.
पुलिस ने तत्काल सभी 62 युवकों को मुक्त कराया. इस दौरान पुलिस ने सत्यम इंटरप्राइजेज, विनमेकर आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड और एफसीआई कंपनी से जुड़े 33 कागजात भी जब्त किए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनक कुमार (24 वर्ष, भागलपुर), सुरेंद्र कुमार (22 वर्ष, भागलपुर) और बिरेंद्र कुमार (20 वर्ष, गया, बिहार) के रूप में हुई है.
छापेमारी टीम में एसडीपीओ अरविंद बिनहा, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुअनि अनिता सोरेन, पुअनि हसनैन अंसारी, सहायक उपनिरीक्षक बिभाष कुमार चौधरी, टाइगर मोबाइल दल और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने बताया कि कांड में अन्य आरोपी भी शामिल हैं जिनकी तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
