चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली क्षेत्र में आगामी नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है. इसी कड़ी में प्रशासन और पुलिस बल द्वारा शनिवार को कपाली में फ्लैग मार्च निकाला गया और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया.

फ्लैग मार्च के दौरान चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार समेत शस्त्रबल के जवान बड़ी संख्या में शामिल रहे. पुलिस टीम ने कपाली के विभिन्न मोहल्लों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया. अधिकारियों ने लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की.
अधिकारियों ने बताया कि आगामी 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में विश्वास कायम करना और भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करना है. प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़- चढ़कर भाग लेने और घरों से निकलकर मतदान करने की अपील की.
अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता भी प्रशासन का सहयोग करे, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके.

