चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 जैन इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल के समीप बारिश के समय पानी निकासी के लिए कपाली नगर परिषद द्वारा जेसीबी से नाले की खोदाई की गई थी. लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद नाले का निर्माण अधूरा है. न तो नाले का पक्का निर्माण हुआ है और न ही सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. इससे क्षेत्र के बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर संकट उत्पन्न हो गया है.

स्थानीय निवासी मोहम्मद मेराज ने बताया कि बारिश के समय स्कूल से लेकर मल्लिक स्टोर तक नाले की खोदाई की गई थी. लेकिन आज तक न तो निर्माण पूरा हुआ और न ही सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेड या चेतावनी व्यवस्था की गई. उन्होंने कहा कि सुबह से ही स्कूल में सैकड़ों बच्चे इसी रास्ते से आना-जाना करते हैं. कई बार घर से बाहर निकलते वक्त बच्चे और बुजुर्ग नाले में गिर चुके हैं. आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है.
मेराज ने आगे कहा कि हमने बांस की चाली बनाकर किसी तरह नाले और घर के बीच रास्ता तैयार कर लिया है ताकि आ-जा सकें. लेकिन चलते समय डर सा लगा रहता है. कोई हादसा हो जाए तो जिम्मेदारी कौन लेगा.
स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद से नाले का निर्माण शीघ्र पूरा करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि बच्चों और राहगीरों की जान-माल सुरक्षित रह सके.

