चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो स्थित उत्सव रेस्टोरेंट के समीप सोमवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना हुई. इस हादसे में जमशेदपुर के सोनारी निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी बाल- बाल बच गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रोशन कुमार, पिता स्वर्गीय सत्येंद्र कुमार, निवासी सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि रोशन कुमार डोबो में मुर्गा की दुकान चलाते हैं. सोमवार की रात भी वह दुकान बंद कर अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान उत्सव रेस्टोरेंट के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही रोशन कुमार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं उनकी पत्नी किसी तरह संभल गई और उसे हल्की चोटें आई हैं.
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस के सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम दल- बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायल रोशन कुमार को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों के आधार पर वाहन का जल्द पता लगाया जाएगा. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

