चांडिल: ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (AIKKMS) के प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को चांडिल- कांड्रा मुख्य मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर एक ज्ञापन सौंपा.

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की जर्जर हालत के कारण घर से बाहर निकलना जोखिमभरा हो गया है और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने कहा कि छह महीने पहले मीडिया के माध्यम से इस सड़क के लिए टेंडर निकलने की जानकारी मिली थी, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि चांडिल- कांड्रा रोड की मरम्मत अविलंब शुरू कराई जाए. साथ ही यह भी कहा कि जब तक सड़क निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक दिन में कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव कर धूल प्रदूषण को नियंत्रित किया जाए, जिससे वातावरण खराब न हो. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि सात दिनों के भीतर संतोषजनक कार्रवाई न होने पर वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे और इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी.
ज्ञापन सौंपने वालों में आशुदेव महतो, मनोज वर्मा, सुभाष चंद्र तांती, भुजंग मछुआ और राजेश कुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.

