चांडिल/ Afroj Mallick मुख्य बाजार और थाना रोड की बदहाल स्थिति से स्थानीय नागरिक और यात्रियों के लिए रोजाना की मुसीबत बन गई है. स्टैंड के पास स्थित गटर से लगातार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल गई है और आने- जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गटर की सफाई महीनों से नहीं हुई है. नाली जाम होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है इससे न केवल बदबू और गंदगी फैलती है, बल्कि राहगीरों को फिसलने का डर भी बना रहता है. हर दिन सैकड़ों लोग आते- जाते हैं लेकिन जलजमाव के कारण उन्हें कीचड़ और बदबू के बीच से गुजरना पड़ता है.
एक स्थानीय दुकानदार ने बताया यह समस्या कोई नई नहीं है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. यात्रियों ने बताया कि स्टैंड पर उतरते ही उन्हें कीचड़ और गंदगी से भरी सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे उनके कपड़े और सामान गंदे हो जाते हैं. खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को चलने में काफी दिक्कत होती है. स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि से इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है. अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक नींद से जागता है और लोगों को राहत मिलती है या फिर चांडिल बस स्टैंड की यह दुर्दशा यूं ही बनी रहेगी.

