सरायकेला: उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई.

तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सपादा और सिरकाडीह में छापेमारी के दौरान लगभग 1,10,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण को विधिवत जब्त किया गया. इसी क्रम में मौजा सिरकाडीह में मिट्टी खनिज का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त कर तिरुलडीह थाना के सुपुर्द किया गया.
बिहार- झारखंड के दस बड़ी खबरों को देखने के लिए नीचे दिए लिंक को क्लिक करें और देखिए टॉप- 10 फटाफट 👇
वहीं ईचागढ़ थाना अंतर्गत मौजा सोड़ो जारगोडीह में लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण को भी जब्त किया गया. इस प्रकार कुल 1,55,000 घनफीट अवैध बालू को कब्जे में लिया गया है. जब्त बालू के ई-नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी.
इसी क्रम में जिला खनन विभाग ने पूर्वाह्न में नीमडीह थाना अंतर्गत मौजा झीमडी स्थित लाल टुंगरी, एकलव्य विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया. यहां लौह अयस्क खनिज के अवैध उत्खनन से जुड़े तीन बड़े गड्ढे पाए गए. मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है.
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

