चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमटांड़- ईचागढ़ केनाल सड़क पर पाटपुर के समीप शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक 13 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. मृतकों की पहचान चीतरी गांव निवासी शंकर सिंह (22 वर्ष) एवं रथु सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार शंकर सिंह अपने जीजा रथु सिंह और एक बच्चे के साथ मिलन चौक से अपने घर चीतरी लौट रहे थे. इसी दौरान पाटपुर के पास अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की है.
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है. वहीं दोनों शवों को रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा जाएगा. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

