चांडिल/ Afroz Mallik क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती रविवार को श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. इस अवसर पर स्थानीय आयोजन समिति की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष शुभम रविदास ने की. दुलाल रविदास, राजेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत गुरु रविदास जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई. इसके बाद वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के जीवन, उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और समानता, प्रेम तथा भाईचारे का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं.
इस मौके पर भजन- कीर्तन का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया. कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा. कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष शुभम रविदास ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और उपस्थित लोगों को गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया. आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का अहम योगदान रहा.

