चांडिल/ Vikash Thakur वन विभाग रेंज अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड की पंचायत बेरासिसिरुम के गांव रूपरु, टोला खरकोचा में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते कई दिनों से हाथी की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है.

ताजा घटना में जंगली हाथी ने मिहिर महतो, बालिका महतो एवं गोतम महतो के आलू की फसल को पूरी तरह रौंदकर नष्ट कर दिया है. इसके अलावा सुरेन महतो की बांधागोभी (बांधाकोपी) तथा नरेंद्र नाथ महतो की धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है. खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने से किसानों की आर्थिक चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि हाथी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाया गया है. लगातार हो रहे नुकसान से किसानों में आक्रोश है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में तत्काल गश्ती बढ़ाई जाए, जंगली हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे

