चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकरू प्रखंड अंतर्गत लेटेमदा पंचायत के नुतुनडीह गांव में बीती रात जंगली हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय बुका महतो उर्फ गौरांग महतो के रूप में हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुका महतो रात करीब तीन बजे अपने खेत में धान की रखवाली कर रहे थे. इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया. हाथी के हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को फोन पर दी. मधुश्री महतो ने तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और आगे की कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को अविलंब मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग रात में खेतों की रखवाली करने से डर रहे हैं. वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है.

