चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत शिरूम एवं बड़ालापंग गांव में बीती रात एक जंगली हाथी द्वारा सात- आठ घरों को नुकसान पहुंचाया गया. स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को दी. सूचना मिलते ही मधुश्री महतो वन विभाग से संपर्क साधा और वनरक्षी दिलीप कुमार महतो एवं फॉरेस्टर राणा प्रताप महतो के साथ प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंची और ग्रामीणों के बीच राहत स्वरूप पटाखा और टॉर्च का वितरण किया.

जिप उपाध्यक्ष ने प्रभावित लोगों से सूची बनाकर वन विभाग को देने की अपील की. श्रीमती महतो ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को अविलंब मुआवजा मुहैया कराई जाए. इस मौके पर स्थानीय मुखिया माजिद सिंह सरदार, ग्राम प्रधान सुशांत कुमार महतो, झारखंड आंदोलनकारी सह उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो, देवाशीष महतो के साथ अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे.

