चांडिल/ अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. जहां आए दिन जंगली हाथी क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं और लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. बीती रात चांडिल वन क्षेत्र के झिमड़ी गांव में जंगली हाथी ने बुलु महतो के घर पर हमला कर दिया. हाथी के हमले से घर की दीवार और छत गिर गई. इस घटना में घर की एक महिला घायल हो गई, जिसे बुधवार सुबह नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. महिला के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं. उसका इलाज चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि हाथी लगातार उनके घरों पर हमला कर रहे हैं और अनाज भी खा जाते हैं. वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को पटाखे और टॉर्च लाइट देने का दावा किया जाता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों ने कहा कि जंगलों की कटाई, ईंट भट्टा, खनन और ब्लास्टिंग के कारण जंगली जानवर गांव की ओर भटक रहे हैं. घटना के बाद चांडिल वन क्षेत्र के फॉरेस्टर ने घायल महिला को इलाज के लिए तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. साथ ही महिला का एक्स-रे भी करवाया गया है. वन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

