चांडिल/ Bikash Thakur थाना क्षेत्र के टुईलुंग गांव में तीन माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों में आक्रोश का माहौल है.

मृतका के भाई वासुदेव हजाम ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बहन के पति अशोक प्रमाणिक, देवर दीपक प्रमाणिक और सास मंगली प्रमाणिक पर दहेज की मांग और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. शिकायत में कहा गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था.
परिजनों के अनुसार मृतका शिक्षित और समझदार थी. वह अक्सर कहती थी कि चाहे उसे कितनी भी यातना सहनी पड़े, वह अपनी होने वाली संतान के लिए जीती रहेगी. इसके बावजूद ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
परिजनों ने बताया कि 10 जनवरी की शाम मृतका के पति ने फोन कर सूचना दी कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई. फिलहाल चांडिल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

