चांडिल: गणतंत्र दिवस की संध्या बेला के मौके पर सोमवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने चांडिल डैम में तिरंगे की रंगीन रोशनी से सुसज्जित विशेष लाइटिंग का विधिवत उद्घाटन किया. विधायक ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उद्घाटन के साथ ही पूरा डैम क्षेत्र केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओत- प्रोत हो गया.

विधायक सविता महतो ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इससे चांडिल डैम की सुंदरता में वृद्धि होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पैदल चलकर डैम परिसर में लगी लाइटों का निरीक्षण किया. डैम के ऊपर लगी स्ट्रीट लाइटें भी तिरंगे के रंग में जगमगा उठीं, जिससे पूरा क्षेत्र विहंगम दृश्य में तब्दील हो गया.

इस अवसर पर डैम के सभी 13 रेडियल गेट को 5 सेंटीमीटर तक एक घंटे के लिए खोला गया, जिससे लगभग 80 क्यूमेक्स पानी नदी में छोड़ा गया. तिरंगे की रोशनी में नहाए डैम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और इस पहल को ऐतिहासिक क्षण बताया.

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता राम निवास प्रसाद, डैम डिवीजन-2 के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार सिंह, सहायक अभियंता जयंत कुमार महतो, कनीय अभियंता प्रदीप कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, सर्दीप नायेक, राहुल वर्मा, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.

