चांडिल: डैम में 15 जून को अलकबीर कॉलेज के छात्र साहिल की डूबने से मौत हो गई थी. अब उनके परिजनों ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत देकर मृतक के छात्र साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है.

अभिभावक ने बताया कि उनका बेटा तैरना जानता था, फिर कैसे डूब गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने वाले छात्र ने देर तक टाल- मटोल किया और फोन पर गुमराह किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है. मृतक के पिता और अन्य सगे संबंधियों ने भी इस घटना में हत्या की आशंका व्यक्त की है. उनका मानना है कि तैरने वाला युवक नहाने के क्रम में कैसे डूब सकता है ? कुछ दिनों पूर्व मृतक का दोस्तों के साथ झगड़ा भी हुआ था, जो हत्या का एक कारण हो सकता है. अभिभावक ने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन पर अब पूरा भरोसा है, और पुलिस इस मामले की जांच कर कार्रवाई जरूर करेगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही सच सामने आने की उम्मीद है.

