सरायकेला/ Afroz Mallik जिले के चांडिल थाना अंतर्गत चीलगु से सटे हारुडीह में बुधवार देर शाम अपराधियों ने अपराधकर्मी विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में मुर्गा पाड़ा का आयोजन किया गया था. विजय तिर्की भी इसी आयोजन में शामिल होने गया था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
बताया जा रहा है कि विजय तिर्की को कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके.
पुलिस के अनुसार मृतक विजय तिर्की का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त बताया जाता रहा है. हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस आपसी रंजिश, गैंगवार और पुरानी दुश्मनी के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है. घटना के बाद हारू डीह और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है और कहा है कि मामले का खुलासा शीघ्र किया जाएगा.

