चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी के शहरबेड़ा छठ घाट पर सोमवार शाम छठ अनुष्ठान के दौरान अफरा- तफरी मच गई. घाट पर संध्या अर्घ्य के दौरान एक 10 वर्षीय बालक नदी में डूब गया.

सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. गोताखोरों की टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की और कुछ देर बाद बच्चे को गहरे पानी से बाहर निकाला. पुलिस ने बच्चे को बेहोशी की हालत में तुरंत एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया जहां उसकी मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोगों के भी डूबने की सूचना है. जिसकी तलाश जारी है.

जानकारी के अनुसार, डिमना निवासी यादव परिवार शहरबेड़ा छठ घाट पर संध्या अर्घ्य देने के लिए आया था. इसी दौरान कई नाबालिग बच्चे नदी में नहा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि बच्चे को बचाने के क्रम में दो लोग डूब गए हैं. घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.

