चांडिल: एनएचएआई द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनी चांडिल बायपास सड़क का उद्घाटन रविवार को रांची सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं स्थानीय विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया. विदित हो कि यह सड़क पुरुलिया से चांडिल होते हुए एनएच-18 को टाटा- रांची मुख्य मार्ग (एनएच-33) से जोड़ती है.

उद्घाटन के बाद चांडिल बाजार में वर्षों से लगने वाला जाम अब खत्म हो जाएगा. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घंटों तक लगने वाले जाम के कारण आम लोग, स्कूली बच्चे और यात्री बेहद परेशान रहते थे. अब बायपास शुरू होने से भारी वाहनों की एंट्री बाजार क्षेत्र में बंद कर दी जाएगी. इसके लिए जिला प्रशासन से विशेष निर्देश जारी किए जाएंगे. सांसद संजय सेठ ने इस अवसर पर कहा कि जल्द ही टाटा और चांडिल जंक्शन पर वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होगा. साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि चांडिल में स्वच्छता को लेकर नगर परिषद की तर्ज पर कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी, नालों की सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत चांडिल जंक्शन को 700 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाएगा. स्टेशन का सुंदरीकरण होगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. वहीं मीडिया द्वारा चिलगु स्थित पुलिया की खस्ताहाल और उससे हो रही सड़क दुर्घटनाओं की बात उठाए जाने पर सांसद संजय सेठ ने कहा कि वे दिल्ली जाकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे और जल्द इस मुद्दे का समाधान कराया जाएगा. इस मौके पर बीजेपी, आजसू और झामुमो के कार्यकर्ता, ग्रामीण जनता और सेकोड़ा पंचायत के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

