चांडिल/ Bikash Thakur थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम न्यू बाईपास रोड, चांडिल- पुरुलिया मुख्य मार्ग पर बाइक सवार युवकों द्वारा होटल संचालक और उनके पुत्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार होटल संचालक सपन महतो अपने पुत्र राहुल महतो के साथ होटल पर मौजूद थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार युवक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े. मानवता के नाते दोनों उन्हें उठाने और बाइक हटाने पहुंचे. इसी बीच अन्य युवक वहां पहुंच गए और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया.

आरोप है कि एक युवक ने सपन महतो के सिर पर कठोर वस्तु से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े. पिता को बचाने पहुंचे राहुल महतो के साथ भी मारपीट की गई. शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. अन्य युवक मौके से फरार हो गए.
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और मुख्य मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठ रही है.

