चांडिल/ Vikash Thakur थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा- रांची मुख्य मार्ग पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में नीमडीह निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा चिलगु के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार एक अज्ञात ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के तिल्ला गांव (करमगोड़ा टोला) निवासी सुदर्शन गोप के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार सुदर्शन गोप जमशेदपुर से चांडिल की ओर अपनी केटीएम बाइक से लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे भारी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी और हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में सहयोग किया.
हैरानी की बात यह रही कि युवक ने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान नहीं बच सकी. इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस फरार ट्रेलर की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है.

