चांडिल/ Vikash Thakur प्रखंड के तमुलिया पंचायत के रुगड़ी तथा कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 3, 10 और 13 के ताजनगर में “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह का पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित किया गया. शिविर का शुभारंभ विधायक सविता महतो ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया.

मौके पर उन्होंने कहा कि यह शिविर ग्रामीणों को शासन- प्रशासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने, आवेदन व शिकायतों के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगाया गया है.

विधायक सविता महतो ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने निकट के पंचायत या वार्ड में आयोजित शिविर में पहुँचकर अपने आवेदन और शिकायतें दर्ज करें तथा आसपास के लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें. शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जिससे लाभुकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला और सेवाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित हुई.

कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय, कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास, अंचलाधिकारी प्रदीप महतो, सीडीपीओ विभा सिन्हा, मुखिया रत्नी वाला सिंह, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरु चरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, राहुल वर्मा, हरेन सिंह, मो. अरशद, मिलन तंतुवाई सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

