जमशेदपुर/ Varun Kumar झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन के पौत्र वीर सोरेन के निधन से शोक की लहर है. गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर टाटा मुख्य अस्पताल से पैतृक गांव सरायकेला के जिलिंगोड़ा के लिए रवाना किया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.

बताया जाता है कि वीर सोरेन का पार्थिव शरीर देर रात हिमाचल प्रदेश के मनाली से हवाई मार्ग द्वारा पहले रांची लाया गया. वहां से सड़क मार्ग से जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शवगृह में पार्थिव शरीर रखा गया था. सुबह परिजन अंतिम संस्कार के शव के साथ गांव के लिए गांव रवाना हुए. वीर सोरेन, घाटशिला से विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. वे मनाली घूमने गए थे, जहां बुधवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया. वे मात्र 19 वर्ष के थे और पिछले विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान किया था. उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में गहरा शोक है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं.

