चाईबासा/ Jayant Pramanik हावड़ा- राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (20871) अप लाइन में चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया स्टेशन से गुजरते समय उसके एक कोच के नीचे से धुआं निकलता देखा गया. घटना के बाद रेल महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के ब्रेक बाइंडिंग, हॉट एक्सेल या कोच के नीचे स्थित बैटरी बॉक्स में तकनीकी खराबी के कारण धुआं उठने की आशंका जताई जा रही है.

हालांकि आधिकारिक जांच के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा. सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मियों ने स्थिति की जांच की. सुरक्षा मानकों के तहत कोच का निरीक्षण किया गया और आवश्यक कार्रवाई की गई. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया.
घटना के दौरान किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. रेलवे प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

