चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल (CKP) में रेल सुरक्षा बल (RPF) ने अलर्ट जारी किया है. यह अलर्ट माओवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) द्वारा घोषित तीन अलग- अलग सप्ताहिक अभियानों “खूनी क्रांति सप्ताह” (08 से 15 नवंबर), “दमन विरोधी सप्ताह” (16 से 22 नवंबर) और “शहीद सप्ताह” (24 से 30 नवंबर) को देखते हुए जारी किया गया है.

आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि माओवादियों द्वारा भारत बंद और इन तीनों सप्ताहों के आयोजन की घोषणा की गई है. हालांकि चक्रधरपुर रेल मंडल के अधीन क्षेत्रों में अब तक कोई बैनर, पोस्टर या प्रत्यक्ष माओवादी गतिविधि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन रेलवे एक ‘सॉफ्ट टारगेट’ होने के कारण सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है.
पत्र में कहा गया है कि किसी भी प्रकार की विध्वंसक या सबोटाज गतिविधि की संभावना को नकारा नहीं जा सकता, इसलिए माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील सेक्शन
आरपीएफ ने चक्रधरपुर मंडल के कई हिस्सों को उच्च माओवादी प्रभावित क्षेत्र घोषित करते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं. इनमें शामिल हैं
असनबोनी- सिनी, सिनी/गम्हरिया- चांडिल, महालिमुरुप- जराईकेला, लोटापहाड़, टुनिया, सोनुआ, गोइलकेरा, पोसैता, मनोहरपुर, राजखरसावां- बोलेनी, बड़ा जामदा- गुवा, पडापहाड़- जरौली, जराईकेला- बोंडामुंडा, राउरकेला- बिरमित्रापुर, बोंडामुंडा- किरिबुरु, बोंडामुंडा- ओरगा और बिमलागढ़- बरसुंआ सेक्शन.
जारी किए गए प्रमुख निर्देश
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr.DOM) को निर्देश दिया गया है कि चक्रधरपुर और राउरकेला स्टेशनों पर एक विशेष पेट्रोल इंजन (लाइट इंजन) और सशस्त्र कोच तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत बल को घटनास्थल पर भेजा जा सके. वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) को कहा गया है कि सभी लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट को सतर्क रहने का संदेश भेजें, ताकि किसी भी अनियमितता या संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी या स्थानीय पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जा सके. वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (Sr.DME) को आदेश दिया गया है कि चक्रधरपुर और राउरकेला में एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) को सभी उपकरणों के साथ तैयार अवस्था में रखा जाए.
सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश
पत्र में कहा गया है कि रेलवे ट्रैक या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु, सामग्री या अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस या स्टेशन मास्टर को दी जाए. साथ ही सभी रेलकर्मी अपने- अपने सेक्शन में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न करें. यह पत्र एसी. सिन्हा, सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC), आरपीएफ चक्रधरपुर द्वारा जारी किया गया है, जो वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. Divisional Security Commissioner) के आदेश से जारी किया गया है.

