चक्रधरपुर: शुक्रवार की रात दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी. विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें सात युवक घायल हो गए. घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की है. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. अनुसूचित जाति कांग्रेस के कोल्हान प्रभारी सुरज मुखी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुखी समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर यह हमला किया गया. उन्होंने कहा कि समुदाय विशेष के लोगों पर जानलेवा हमला किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है.
सुरज मुखी ने बताया कि इस मामले की शिकायत केवल स्थानीय थाना में ही नहीं, बल्कि राज्यपाल और अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई है. उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है.
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

