चक्रधरपुर: जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा (1-15 नवंबर 2025) के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चक्रधरपुर में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ. केंद्र सरकार के निर्देश पर आयोजित इस पखवाड़े में देशभर में आदिवासी नायकों के पराक्रम, दूरदर्शिता और योगदान को श्रद्धांजलि दी जा रही है. यह आयोजन झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) तक चलेगा.

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वनाथ हांसदा की अनुमति से शिक्षक नील अभिमन्यु ने चक्रधरपुर के युवा समाजसेवी और साहित्यकार रबिन्द्र गिलुवा को आमंत्रित किया. विद्यालय प्रांगण में छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति में रबिन्द्र गिलुवा ने हो आदिवासियों के इतिहास, संस्कृति और संघर्ष की गाथा सुनाई.

प्रधानाध्यापक विश्वनाथ हांसदा ने पौधा भेंट कर अतिथि का स्वागत किया, जबकि नील अभिमन्यु ने विद्यालय परिवार से रबिन्द्र गिलुवा का परिचय कराया.
अपने संबोधन में रबिन्द्र गिलुवा ने हो भाषा में कहा कि “सिंहभूम (कोल्हान) पृथ्वी की मातृभूमि है, जिसकी भूमि 3.6 अरब से 3.2 अरब वर्ष पुरानी है- ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका से लगभग 20 करोड़ वर्ष अधिक.” उन्होंने बताया कि नकटी के भरंडिया गांव के इको टूरिस्ट स्थल पर यह उल्लेखित है कि वहां के पत्थर 280 करोड़ वर्ष पुराने हैं.
गिलुवा ने कहा कि हो आदिवासियों की मानकी-मुंडा स्वशासन व्यवस्था इतनी मजबूत रही है कि कोई बाहरी शासक कोल्हान को कभी अधीन नहीं कर पाया. जल, जंगल और जमीन के लिए कई ऐतिहासिक संघर्ष हुए- 1820- 21 का हो विद्रोह, 1831- 32 का कोल विद्रोह, जिसके बाद 1837 में विल्किंसन रूल लागू हुआ.
उन्होंने याद किया कि 1 जनवरी 1958 को करीब 30,000 लोग शहीद हुए, और 8 सितंबर 1980 को गुआ गोलीकांड में 10 लोग शहीद हुए. रबिन्द्र गिलुवा ने कहा, “हम आदिवासी प्रकृति के साथ जीते हैं. चिड़िया के घोंसले या चींटियों की गतिविधि देखकर भी मौसम का हाल बता देते हैं.”
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पहचान से जोड़ने का माध्यम हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
