चाईबासा/ Jayant Pramanik समाज कल्याण विभाग में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त आठ कर्मचारियों को सोमवार को आधिकारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा गया. यह कार्यक्रम कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित हुआ, जहां झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार और परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने स्वयं नियुक्ति पत्र बांटे.

कार्यक्रम के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त नेलशन एयोन बागे, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार, उपविकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा और चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो भी मौजूद थे. अधिकारियों ने नव-नियुक्त कर्मियों को बधाई दी और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की.
मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति से प्रभावित परिवारों को राहत मिलती है और विभागीय कार्यों में भी सुगमता आती है. सरकार ऐसे मामलों में बेहद गंभीर है. उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को निष्ठा एवं ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ.

