चाईबासा/ Jayant Pramanik मईया सम्मान योजना की अनियमितताओं को लेकर झींकपानी प्रखंड के चोया पंचायत की मुखिया जयंती बिरूली के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने 25 किलोमीटर की पदयात्रा की. महिलाएं चोया गांव से पैदल चलकर सरनाडीह स्थित मंत्री आवास पहुंचीं और ज्ञापन सौंपा.

मुखिया जयंती बिरूली ने बताया कि मईया सम्मान योजना का पोर्टल नहीं खुलने के कारण कई जरूरतमंद महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. जबकि कुछ घरों में एक ही परिवार के पांच से सात लोगों को राशि मिल रही है, वहीं पड़ोस के पात्र लाभुक वंचित हैं. इसे लेकर ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे थे.

इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर महिलाओं ने झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा से मिलने का निर्णय लिया. हालांकि मंत्री आवास पर मौजूद नहीं थे. उनके स्थान पर सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और मंत्री के निजी सचिव ने महिलाओं से ज्ञापन प्राप्त किया.
महिलाओं ने मांग की है कि पात्र सभी लाभुकों को मईया सम्मान योजना की राशि सुनिश्चित की जाए और पोर्टल संबंधी तकनीकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए.

