चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र के छोटा सागजुड़ी गांव में बीते 15 जनवरी को नाला के पास मिले 50 वर्षीय तुलो महली के शव मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी जॉन्सन कांडुलना को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी ओड़िशा के लाठीकटा का रहने वाला है.

मनोहरपुर डीएसपी जयदीप लकड़ा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका आरोपी की रिश्ते की सास थी. 15 जनवरी को आरोपी और महिला ने शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की. महिला का विरोध करने पर आरोपी ने उसे घसीट कर झाड़ियों में ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाला के पास पुलिया के नीचे फेंक दिया.
डीएसपी के अनुसार, घटना की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खैनी का डिब्बा और गले की रोजरी माला मिली, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली. आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि महिला ने दुष्कर्म का विरोध किया तो उसने उसे मारकर मौत के घाट उतार दिया.
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल बनाया गया, जिसमें एसआई भीमाराम बानसिंह, एसआई अरुण कुमार सिंह, एएसआई रघुनाथ बानरा और पुलिसकर्मी द्विवेन्द्र नाथ गोराई शामिल थे.

