चाईबासा/ Jayant Pramanik राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुआ में शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजकुमार मारंडी ने स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 30 जनवरी से 14 फरवरी 2026 तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा 9 मार्च से 23 मार्च 2026 तक कुष्ठ रोगी खोज अभियान संचालित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करना, नए रोगियों की पहचान कर उनका समय पर इलाज सुनिश्चित करना तथा ग्राम सभाओं और स्कूलों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना है.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी स्वास्थ्यकर्मियों को कुष्ठ रोग उन्मूलन और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर पीएमडब्ल्यू मो. आजम, सीएचओ, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे.

