चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ के निश्चिंतपुर मैदान में रविवार को श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 138वां जन्मोत्सव समारोह बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया.

समारोह की शुरुआत ऊषा कीर्तन और प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के साथ हुई. इसके बाद निश्चिंतपुर मैदान से सोनुआ बाजार तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ठाकुर जी के अनुयायी शामिल हुए. शोभायात्रा में भक्तगण भजन- कीर्तन गाते और नृत्य करते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा.

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आयोजित साधारण सभा में भुवनेश्वर और पटना से आए रितिकगणों ने प्रवचन दिया. पटना से आए रितिक लोक वर्धन गुप्ता ने कहा कि “जीवन को सार्थक बनाना है तो सद्गुरु के शरण में आना आवश्यक है.” वहीं भुवनेश्वर से आए रितिक कुमुद चंद्र प्रधान ने कहा कि “श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के बताए मार्ग और नीति-नियमों का पालन कर हम अपने जीवन को श्रेष्ठ और अनुकरणीय बना सकते हैं.”
समारोह में जमशेदपुर और राजखरसावां से आए भक्तों ने मनमोहक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया. कार्यक्रम के दौरान मातृ सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें आदर्श परिवार निर्माण में मातृ जाति की भूमिका पर चर्चा की गई.
समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच भंडारा के माध्यम से प्रसाद वितरण किया गया. पूरे आयोजन को सफल बनाने में सुनील प्रधान, बैद्यनाथ प्रधान, काजल प्रधान, गौतम प्रधान, दिलीप प्रधान, गीता महतो, गोकुल चंद्र महतो, ईश्वर प्रधान, खितिश राम, श्रीकांत प्रधान और गोपाल प्रधान सहित कई श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा.

