चाईबासा/ Jayant Pramanik

पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा न्यू कॉलोनी नीमडीह में 14 जुलाई को हुए सुमित सिंह यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानव सूचना के आधार पर पांच अभियुक्तों की पहचान की, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर शामिल हैं. पूछताछ में दोनों ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपी अभिजीत के पास से खून से सना शर्ट भी बरामद किया है, जिसपर मृतक का खून पाया गया. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने कहा कि शेष तीन फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जनता का भरोसा बढ़ा है.

