चाईबासा/ Jayant Pramanik ब्लड बैंक में पिछले कई दिनों से रक्त की भारी किल्लत बनी हुई थी. इस संकट को देखते हुए यूथ क्लब सोनुआ द्वारा सुमिता होता फाउंडेशन के सहयोग से सोनुआ में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. रक्त की कमी के कारण मरीजों को जमशेदपुर और राउरकेला तक जाना पड़ रहा था, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो रही थी.

शिविर का उद्घाटन सोनुआ सीआरपीएफ कैंप के सहायक कमांडेंट विकास कुमार, सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता, डॉ. जयश्री किरण और डॉ. राजकुमार मरांडी ने स्वर्गीय डॉ. सुधीर कुमार और स्वर्गीय अनंत राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
सहायक कमांडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ जवानों ने रक्तदान किया. इसके अलावा क्षेत्र के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान में भाग लिया. चाईबासा ब्लड बैंक की टीम द्वारा कुल 76 यूनिट रक्त एकत्र किया गया. अधिकारियों ने इसे जिला स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण सहयोग बताया.
रक्तदान शिविर में बिट्टू कपूर, रूपेश प्रधान, खितिश राम, महावीर महतो, कुमार संभव प्रधान, सरोज महतो, लाल बाबू दास, रंजीत प्रधान, कुना साहू, पुरुषोत्तम प्रधान, जयंत प्रमाणिक, चंदन साहू, चंचल प्रधान, जगन्नाथ प्रधान समेत बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित थे.

