चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्रधरपुर मुख्य सड़क एनएच 320डी पर निश्चिंतपुर तालाब के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल किशोर की पहचान निश्चिंतपुर गांव निवासी 14 वर्षीय संजय महतो के रूप में हुई है.

घटना के अनुसार संजय महतो अपने साथी मनीष सिंह के साथ स्कूटी से सोनुआ बाजार से गांव लौट रहा था. इसी दौरान निश्चिंतपुर तालाब के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक स्कूटी के सामने आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी और ट्रैक्टर ट्रॉली दोनों सड़क किनारे खेत में जा पलटे.
हादसे में संजय महतो के हाथ में गंभीर चोट लगी. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुआ में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. वहीं स्कूटी चला रहा मनीष सिंह इस घटना में बाल- बाल बच गया.
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर के समय गुदड़ी और गोइलकेरा स्थित कारो नदी के विभिन्न बालू घाटों की ओर एक सौ से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली बालू लाने के लिए जाते हैं. जल्दी पहुंचने की होड़ में चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इससे पहले भी बालू लदे ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर कई लोगों की जान जा चुकी है. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पर अंकुश लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

