चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के महुलडीहा गांव में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है. यहां तीन दिवसीय विशेष अनुष्ठान के तहत मंदिर परिसर में शिवलिंग और भगवान हनुमान की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है. प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन महुलडीहा स्थित संजय नदी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने नदी से पवित्र जल भरकर मंदिर परिसर तक यात्रा की. पूरे गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा.

दूसरे दिन वैदिक परंपरा और विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना और अनुष्ठान की प्रक्रिया जारी रही. श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मंदिर परिसर में सामूहिक पूजा की.
ज्ञात हो कि 25 जनवरी की रात मंदिर परिसर में धार्मिक स्थल से जुड़ी एक अप्रिय घटना सामने आई थी, जिससे ग्रामीणों की भावनाएं आहत हुई थीं. इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर की पवित्रता पुनर्स्थापित करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सामूहिक रूप से तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया.
पूजा-अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर ग्रामीण सक्रिय रहे. पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और आपसी सहयोग का माहौल देखने को मिला.

