चाईबासा/ Jayant Pramanik

सोनुआ बाजार स्थित महावीर मंदिर के समीप नवनिर्मित श्री श्री संकटमोचन महादेव मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान रविवार को दोपहर लगभग 3 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि- विधान के साथ संपन्न हुआ. धार्मिक उत्साह और आस्था के माहौल में आयोजित इस महोत्सव में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई. श्रद्धालु पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच मधुपुर स्थित संजय नदी तट पहुंचे. वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश में पवित्र जल भरा गया.

गाजे- बाजे और भक्ति गीतों के साथ कलश यात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची. पूरे रास्ते हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
मंदिर परिसर में वैदिक परंपरा के अनुसार अग्नि आह्वान, हवन और विशेष पूजन संपन्न कराया गया. मुख्य अनुष्ठान के दौरान भगवान महादेव की प्रतिमा की प्राण- प्रतिष्ठा कर क्षेत्र की सुख- समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की गई. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
इस अवसर पर सोनुआ बाजार सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे. पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा.
आयोजन समिति ने अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया. ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि मंदिर की स्थापना से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सौहार्द को नई ऊर्जा मिलेगी.

