चाईबासा/ Jayant Pramanik वीरांगना रानी दुर्गावर्ती गोंड जयंती के अवसर पर जिले के सोनुआ प्रखंड के बलजोड़ी मैदान में रविवार को एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ. यह आयोजन गोंड समाज संघ द्वारा आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में बलजोड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया एवं भाजपा प्रखंड अध्यक्ष केदारनाथ नायक मुख्य अतिथि थे.

प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लेने की इच्छा जताई थी जबकि मैदान में कुल 8 टीमों ने प्रतिस्पर्धा की. फाइनल मुकाबले में मनोहरपुर के लक्ष्मीपुर टीम ने टुनिया की टीम को हराकर विजेता का खिताब जीता. विजयी टीम को ट्राफ़ी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

मुख्य अतिथि केदारनाथ नायक ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और अपने गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास होता है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे प्रखंड, जिला तथा राज्य स्तर पर खेलने के अवसर मिलेंगे.
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को पुरस्कृत किया गया. मौके पर गगन नायक, निशांत नायक, गोलू नायक, नागेश नायक, प्रकाश नायक तथा गोंड समाज संघ के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे.

