चाईबासा/ Jayant Pramanik महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को सोनुआ प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह 8 बजे से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां भक्तों ने पूर्ण आस्था के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.

प्रखंड के प्रमुख मंदिरों जैसे सोनुआ बाजार शिव मंदिर, निश्चिंतपुर शिव मंदिर, सोनुआ पंचमुखी मंदिर, बेगुना, राजगांव, बनजीरा और जोड़पोखर शिव मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य मंदिरों में विशेष पूजा- अर्चना की गई. पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयकारों से गुंजायमान रहा. इस अवसर पर कई स्थानों पर भक्तों के बीच शरबत और प्रसाद का वितरण किया गया. सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
इधर सोनुआ स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समीप पंचमुखी शिव मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी. यह बारात चांदनी चौक होते हुए सोनुआ बाजार, उड़िया बस्ती और चेकनाका दुर्गा मंदिर तक पहुंचेगी. वहां पंडितों के मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा. महाशिवरात्रि के अवसर पर सोनुआ पूरी तरह शिवमय नजर आया और दिनभर भक्ति का वातावरण बना रहा.

