चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सोनुआ थाना क्षेत्र में सेंटर रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की 60 बटालियन और द हंस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन सोनुआ सीआरपीएफ 60 बटालियन कैंप के समीप सोनापोस पंचायत भवन में किया गया.

कार्यक्रम में 60 बटालियन के कमांडेंट अंबुज मुथाल, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार, द हंस फाउंडेशन की प्रतिनिधि नीलम एवं सहायक कमांडेंट विकास कुमार उपस्थित रहे. इस दौरान सोनापोस पंचायत के मुखिया नूर हंसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

सिविल एक्शन प्रोग्राम के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में सोनुआ के अलावा मधुपुर, महुलडीहा, गोलमुंडा, निश्चिन्तपुर, सोनापोस और मदंगजाहिर गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर आवश्यक दवाइयां लीं.
शिविर के दौरान ग्रामीणों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई. आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा.
अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ की 60 बटालियन आमजन की सुरक्षा, सेवा और सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध है. भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे. ग्रामीणों ने सीआरपीएफ और द हंस फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.

