चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत भालूरूंगी पंचायत के उपमुखिया गणेश चंद्र बोदरा ने अपने पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर शैक्षणिक और आधारभूत समस्याओं का जायजा लिया.

उन्होंने प्राथमिक विद्यालय भालूरूंगी, मध्य विद्यालय शशिकला, प्राथमिक विद्यालय बिनका, मध्य विद्यालय महुलडीहा और प्राथमिक विद्यालय रेंगालबेड़ा का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की कमी, पेयजल संकट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं.
मौके पर उपमुखिया ने प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बैठक कर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को मुखिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा.
भ्रमण के दौरान उपमुखिया ने सभी विद्यालयों में बच्चों को खेलकूद के लिए फुटबॉल भी प्रदान किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ- साथ खेल गतिविधियां भी बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं.

