चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के मधुपुर स्थित सीता नाथ महतो विद्या मंदिर में मंगलवार को वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य (भाग-2) जगदीश नायक और विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक सूर्यकांत प्रधान उपस्थित रहे. विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से माता सरस्वती, ॐ और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. इसके पश्चात अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं. विद्यालय केवल किताबी ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने का मंच होता है. उन्होंने कहा कि सीता नाथ महतो विद्या मंदिर क्षेत्र के बच्चों को बेहतर भविष्य देने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है.
वार्षिक उत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने नागपुरी, हो, संथाली और हिंदी भाषाओं में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिसे देखकर अतिथि और अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए. विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर सेवानिवृत्त शिवचरण प्रधान, गौतम प्रधान, इंद्रजीत प्रधान, निताई चंद्र दास, रमाकांत प्रधान, वालवंत राय नायक, बैकुंड महतो, विद्यालय के संचालक गोवर्धन महतो, पदमा महतो, चंचला कुमारी महतो, निरल बरजो, राजेश प्रधान, चंद्रशेखर नायक, प्रियांशु कुमार महतो, हरिमोहन महतो, सुशांत मोदी, नौरंग महतो, जितमणि महतो, कुंजो नायक, गीता सिंह नायक, रखी महतो, रेखा महतो, ललिता महतो सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

