चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बालिका में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर तैयार कुल सोलह मॉड्यूल्स की जानकारी 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र- छात्राओं को दी गई.

कक्षा छठी से बारहवीं तक के किशोर विद्यार्थियों को हर सप्ताह महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर उनके सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखा गया है.
इसी क्रम में मंगलवार को छात्रों को हिंसा और चोट से सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में भावनात्मक हिंसा, यौन उत्पीड़न और शारीरिक हिंसा के विभिन्न रूपों के बारे में विस्तार से बताया गया.
प्रशिक्षकों ने बच्चों को जागरूक करते हुए ऐसे हालात से बचाव और शिकायत करने के सही तरीकों की जानकारी दी.
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम किशोर छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जागरूक और सुरक्षित बनाते हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया.

