चाईबासा/ Jayant Pramanik सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है. शुक्रवार को सुरक्षाबल जब मुठभेड़ स्थल से शवों को लाने पहुंचे, उसी दौरान नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि इस मुठभेड़ में एक और नक्सली मारा गया है. इसके साथ ही पिछले 24 घंटे में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. गौरतलब है कि गुरुवार को हुई बड़ी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया था.
इलाके में सघन सर्च अभियान जारी है. अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है ताकि क्षेत्र में किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके.
इधर, राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा का प्रस्तावित चाईबासा दौरा रद्द कर दिया गया है. सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. सारंडा और आसपास के इलाकों में फिलहाल हाई अलर्ट जारी है.

