पश्चिमी सिंहभूम: जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में एक बार फिर नक्सली हिंसा की घटना सामने आई है. मनोहरपुर थाना क्षेत्र के छोटानगरा अंतर्गत बलिबा गांव के पास नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया.

इस विस्फोट में कोबरा बटालियन 209 का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. घटना के बाद सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया.
घायल जवान को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है. विस्फोट के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है.
सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

