चाईबासा/ Jayant Pramanik धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर गुदड़ी प्रखंड के राजगांव मैदान में वीर शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल द्वारा पांच दिवसीय खेल महोत्सव की शुरुआत की गई. इस प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड मुक्ति मोर्चा गुदड़ी कमेटी द्वारा किया गया है. प्रतियोगिता में पुरुष हॉकी और महिला फुटबॉल के मैच आयोजित किए जा रहे हैं.

मुख्य अतिथि के रूप में गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बूढ़ शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा भगवान बिरसा मुंडा, दिसुम गुरु शिबू सोरेन और शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर की गई.

पहला मुकाबला पुरुष हॉकी में बुडुंगकेल और बुरुयूरूडिंग के बीच खेला गया. खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज ने कहा कि खेल अनुशासन, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास का मजबूत माध्यम है. उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि खेल को खेल भावना से खेलें और अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन करें.

कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड कोषाध्यक्ष सिमोन सुरीन, सेम सुंदर मुंडा, प्रखंड प्रमुख रोलेन बरजो, रंजीत सोय, प्रांशीश जेवियर केसरा सहित झामुमो गुदड़ी कमेटी के कई सदस्य मौजूद थे. मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति देखी गई.

