चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती सारंडा क्षेत्र अंतर्गत गंगदा पंचायत के ग्राम चुरगी में मलेरिया बुखार का प्रकोप गंभीर रूप लेता जा रहा है. गांव में पांच दिनों के अंतराल में मलेरिया से ग्रसित दो महिलाओं की मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.


मिली जानकारी के अनुसार 15 दिसंबर को 28 वर्षीय महिला जाबनी लागुरी की मलेरिया बुखार से मौत हो गई थी. इसके बाद 21 दिसंबर को 35 वर्षीय महिला तुरी चंपिया ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दोनों मृत महिलाओं का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर बाद गांव में किया गया.
इसकी जानकारी क्रिस्टोन फाउंडेशन के प्रमुख सह समाजसेवी इंदा जामुदा ने दी. उन्होंने बताया कि गांव में मलेरिया ज्वर से आधा दर्जन से अधिक लोग पीड़ित हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मलेरिया से पीड़ित तीन बच्चों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर भेजा गया है.
अस्पताल में भर्ती मरीजों में चार वर्षीय सिंगा हेम्ब्रोम, 13 वर्षीय सुनील लागुरी और चार वर्षीय लारू लागुरी शामिल हैं. सभी मरीजों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में तत्काल जांच शिविर, दवा वितरण और मलेरिया नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

