चाईबासा/ Jayant Pramanik चक्रधरपुर प्रखंड के गोपीनाथपुर पंचायत अंतर्गत लौजोड़ा गांव में सुपर कप एफसी लौजोड़ा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को सफल समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी विजय मुंडा उपस्थित रहे.

फाइनल मुकाबले से पूर्व मुख्य अतिथि डॉ विजय सिंह गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया. फाइनल मुकाबला जूनियर टाईगर एफसी और जनुमपी गागराई स्टार के बीच खेला गया, जिसमें जूनियर टाईगर एफसी ने निर्धारित समय में 1-0 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया.

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जूनियर टाईगर एफसी को 5000 रुपये नगद राशि देकर सम्मानित किया गया. वहीं द्वितीय स्थान पर रही जनुमपी गागराई स्टार को 3000 रुपये, तृतीय स्थान पर रही राजीव गांधी एफसी लौजोड़ा को 2000 रुपये तथा चतुर्थ स्थान पर रही एन एस सी आर सेवेन जे एस एस को 2000 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया. इसके अलावा पांचवें, छठे, सातवें और आठवें स्थान पर आने वाली टीमों को 1500-1500 रुपये नगद राशि देकर सम्मानित किया गया.

इस फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में अप्रैल समाड, कटे पड़ेया, जातुवा, सीकेन, विकास और सायोव का योगदान सराहनीय रहा. मौके पर ग्रामीण मुंडा मरकुश गागराई, रामराई समाड सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक उपस्थित थे.

